कार से बड़ी मात्रा में सैंपल की दवाईयां बरामद
हापुड़। हाफिजपुर थाना पुलिस ने गुलावठी से मेरठ जा रही एक कार से जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सैंपल की दवाईयां बरामद की हैं। पुलिस ने सूचना पर पहुंची औषधि विभाग की टीम ने जांच की। दवाईयों के तीन नमूने जांच के लिए भेजते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार रात हाफिजपुर पुलिस बुलंदशहर रोड स्थित मोड़ी चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक कार गुलावठी की ओर से आते हुए दिखाई दी। चालक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, लेकिन पुलिस को देखकर वह सकपका गया। संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कार को रुकवाकर उसकी डिग्गी चैक की तो उससे बड़ी संख्या में दवाईयां बरामद हुई। पूछताछ करने पर वह दवाईयों के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। जिसके बाद थाना प्रभारी अविनाश गौतम ने औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद को फोन कर मामले की जानकारी दी।
जांच में सभी दवाईयां सैंपल की पाई गयी। जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अय्यूब पुत्र इंसाफ अली निवासी करीमपुरा थाना नौचंदी मेरठ बताया। वह गुलावठी से दवाईयां लेकर मेरठ बेचने के लिए जा रहा था। वह सैंपल की दवाईयों को मेरठ में बेचने का काम करता था। टीम ने तीन संदिग्ध दवाईयों के नमूने लेकर उन्हें लैब में जांच के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।