हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से चार घंटा बिजली गुल
हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित 132केवी क्षमता के बिजलीघर में हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से शहर की बत्ती गुल हो गई। चार घंटे तक हजारों घरों की आपूर्ति ठप रही। लोगों को जरूरी कार्य निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। एक्सईएन ने मौके पर पहुंचकर फाल्ट को ठीक कराया।
मंगलवार को दिन निकलते ही भयंकर उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर करीब एक बजे झमाझम बरसात ने बिजली व्यवस्था को भी चौपट कर दिया। मोदीनगर रोड स्थित बिजलीघर परिसर में हाईटेंशन लाइन में जोरदार फाल्ट हो गया। इससे शहरभर की बत्ती गुल हो गई। गर्मी से परेशान लोगों ने बिजलीघरों पर फोन करके फॉल्ट की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता ने लाइन ठीक कराई। करीब चार घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि बरसात के कारण लाइन में फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिसे बहाल करा दिया गया है।
देहात अंचल में भी प्रभावित रही आपूर्ति
हापुड़। बरसात के कारण जंगल के क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के इंसूलेटरों में फाल्ट से देहात अंचल की आपूर्ति भी प्रभावित रही। निगम कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग कर आपूर्ति बहाल करायी।
ये बिजलीघर रहे प्रभावित
मोदीनगर रोड बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से दिल्ली रोड, अतरपुरा, जसरूपनगर, रामपुर रोड, किल्हौड़ा, धीरखेड़ा, वझीलपुर, पटना मुरादपुर बिजलीघर की आपूर्ति प्रभावित रही।
आए दिन फाल्ट आपूर्ति में बनता है बाधक
हापुड़ डिवीजन क्षेत्र में बिछे तारों के जालों में आए दिन फाल्ट से आपूर्ति बाधित पड़ी रहती है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।