वाणिज्य कर विभाग के कार्यालय से 250 गोपनीय फाइलें गायब
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला रेवती कुंज स्थित वाणिज्यकर कार्यालय में से विभाग की 250 फाइलें गायब हो गईं। जानकारी होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाणिज्य कर कार्यालय में व्यापारियों के लेखा जोखा से संबंधित फाइलेें मौजूद रहती हैं। इन फाइलों में व्यापारियों के व्यापार से जुड़ा सारा ब्यौरा रहता है। विभाग में तीन बाबूओं के पटल से 31 जुलाई की रात्रि में किसी ने कार्यालय से करीब 250 फाइलों को चोरी कर लिया। मामले की जानकारी जैसे ही अधिकारियों व कर्मचारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। फाइलों को कार्यालय में काफी तलाश किया गया, लेकिन उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं हो पायी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि चोरी के संबंध में तहरीर मिली है। फाइलों को काफी पुरानी बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
कार्यालय से कैसे गायब हुई फाइलें, अधिकारी हैरान
वाणिज्यकर विभाग के कार्यालय से एक साथ 250 फाइलें चोरी हो जाना। सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रहा है। हालांकि अधिकारी पुरानी फाइलें होने का हवाला देकर मामले को दबाने में लगे हैं लेकिन इस विभाग से सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। सेल्स टैक्स से जुड़े मामलों का यहीं पर निस्तारण होता है। ऐसे में फाइलों के गायब होने से अधिकारी भी हैरान हैं। लेकिन किसी को कोई जबाव देते नहीं सूझ रहा है।
कोट-
इस संबंध में उत्तर प्रदेश वाणिज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के जिला सचिव नंद किशोर सैनी ने बताया कि करीब 250 फाइलें चोरी हुई हैं, जो लिपिक सचिन, मनीष चौहान और सोनू के पटल की हैं। उन्होंने बताया कि फाइलें काफी पुरानी हैं और काफी अधिक महत्वपूर्ण नहीं है।