अब फर्राटादार अंग्रेजी बोलेंगे परिषदीय विद्यालयों के छात्र
हापुड़। जिले में अंग्रेजी माध्यम से संचालन के लिए चयनित हुए परिषदीय विद्यालयों के छात्र अब आसानी से फर्राटेदार अंग्रेजी बोला और पढ़ना सीख जाएंगे। संपर्क फाउंडेशन की ओर से इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को किट उपलब्ध करायी गई है। इस किट के माध्यम से छात्र खेल खेल में विषयों की जानकारी अंग्रेजी में प्राप्त कर सकेंगे।
शासन की मंशा जिले के परिषदीय विद्यालयों में कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराना है। इसके लिए जिले के 100 स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित कराने के लिए चयनित किया गया है। शिक्षकों की तैनाती के लिए परीक्षा का आयोजन भी हो चुका है।
शासन की इस मंशा को पूरा करने के लिए सामाजिक संस्थाएं भी अपना खूब योगदान दे रही हैं। ग्रेडेड लर्निंग में भी इन संस्थाओं ने खूब सहयोग किया, जिसके चलते जिले का बेसिक विभाग प्रदेश में पांच की सूची में शुमार हुआ।
अब छात्रों को अंग्रेजी विषय में परिपक्व करने के लिए संपर्क फाउंडेशन ने बेसिक विभाग का हाथ थामा है। शनिवार को फाउंडेशन के कॉर्डिनेटर भास्कर कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विशेष किट उपलब्ध करायी।
किट में टीएलएम के माध्यम से पढ़ाई करायी जाएगी। छात्र खेल खेल में अंग्रेजी बोला और पढना सीख सकेंगे। इस दौरान शिक्षकों को किट के प्रयोग की पूरी जानकारी भी दी गई।
इस मौके पर दीपा रंजन, अलका चौहान, जतिन गुप्ता, फिरोज बानो, चंचल सिसौदिया, मोनिका चौधरी, प्रीति आदि मौजूद रहीं।