जलस्तर बढ़ने से कुदैनी की मढैया तक पहुंचा पानी
गढ़मुक्तेश्वर। पहाड़ों में हुई बारिश से ब्रजघाट गंगा का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे खादर के गांव कुदैनी की मढैया में पानी पहुंच चुका है। बाढ़ की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सोमवार को लगातार चौथे दिन भी बिजनौर बैराज से 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। फिलहाल जलस्तर 198.40 पहुंच चुका है, जबकि बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ने की संभावना है। वहीं वर्तमान में गांव कुदैनी की मढै़या में घरों के पास पानी भरा हुआ है, खादर क्षेत्र के निचले जंगल में पानी पहले ही पहुंच चुका है। तहसीलदार विवेक भदौरिया का कहना है कि गंगा का जलस्तर अभी खतरे के निशान से काफी दूर है। जल स्तर उतर चढ़ रहा है, जिससे तहसील प्रशासन द्वारा बाढ़ से निपटने के लिए सभी इंतजाम किए जा चुके हैं।
जलस्तर अभी अलर्ट से दूर
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि गंगा का जलस्तर समुद्र तल से 198.90 मीटर के निशान पर पहुंचते ही खादर क्षेत्र के गांवों में अलर्ट घोषित किया जाता है, जबकि जलस्तर के 199.03 मीटर के निशान के पास पहुंचने पर चेतावनी जारी कर खादर क्षेत्र में रहने वालों को अपने गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने की हिदायत दी जाती है। वहीं गंगा का जलस्तर 199.33 मीटर के निशान को पार करते ही बाढ़ आना माना जाता है।
भूतेश्वर प्रसाद शर्मा