डाकघर खाते से पैसे निकालने की जांच शुरू, बीपीएम निलंबित
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के उप डाकघर में आधार कार्ड संशोधन कराने के दौरान एक महिला के खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला की शिकायत पर डाक विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बीपीएम को निलंबित कर दिया गया है।
सिंभावली डाकघर की उपशाखा क्षेत्र के गांव सिखैड़ा मुरादाबाद में है। सिखैड़ा निवासी महिला आसमीन बुधवार को डाकघर की उपशाखा में अपने आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए गई थी। महिला ने बीपीएम अमित कुमार कश्यप पर आधार संशोधन के दौरान उसके फिंगर प्रिंट लेकर डाकघर के उसके खाते से 10 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए सिंभावली डाकघर मे पोस्टमास्टर उमा रानी से शिकायत की थी। इस संबंध में उमा रानी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। शिकायत के आधार पर भारतीय डाक विभाग के एसएसपी राधेश्याम शर्मा ने जांच के आदेश दिए। जिसके बाद एएसपी कौशल कुमार अपने सहयोगी ब्रजेश कुमार, तेजेंद्र शर्मा, ब्रजमोहन शर्मा के साथ सिखैड़ा उप डाकघर पहुंचे। जहां उन्होंने उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड की जांच की। जांच अधिकारी एएसपी कौशल कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा उनके खातों से रकम निकाले जाने की शिकायत मिली। जिसके चलते बीपीएम द्वारा बड़ा घोटाला किए जाने की संभावना भी प्रतीत हो रही है। एएसपी ने बताया कि बीपीएम अमित कश्यप को निलंबित कर दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही सही तथ्यों की जानकारी मिल सकेगी। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।