आंधी में गिरे पेड़ से सिपाही की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। शुक्रवार को आंधी के दौरान मेरठ रोड पर गिरे पेड़ की चपेट में आए बाइक सवार दो सिपाही गंभीर रुप से घायल हो गए, स्थानीय पुलिस ने घायलों को सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जिनकी गंभीर हालत देख मेरठ के लिए रेफर किया, इस बीच उपचार के दौरान एक सिपाही की मौत हो गई।
जनपद मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी अंकित (24) और बागपत के बावली गांव निवासी सचिन मुरादाबाद में सिपाही के पद पर पीएसी में तैनात है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम को अंकित और सचिन अपनी बुलेट बाइक से मुरादाबाद से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गढ़ कोतवाली क्षेत्र में मेरठ रोड पर फायर स्टेशन के पास पहुंचे तो अचानक से तेज आंधी आने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान करीब सौ साल पुराना पेड़ अचानक से गिर गया, जिसके नीचे दोनों सिपाही दब गए और गंभीर रुप से घायल हो गए। सिपाहियों की चीख सुनकर राहगीरों समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गढ़ के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करा दिया। जिसके बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां अंकित (24) की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। इसके अलावा साथी सचिन का उपचार जारी है। संवाद