साइबर ठगों ने युवक के खाते से निकाले 1.37 लाख
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली स्थित एक बैंक शाखा के उपभोक्ता के खाते से दो दिनों में साइबर ठगों ने एक लाख 37 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद मेरठ के भीम नगर नई बस्ती निवासी अमित कुमार ने सिंभावली थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि उसका सिंभावली में स्थित एक बैंक शाखा में खाता है। जिसे उसने ऑनलाइन पेमेंट एप से जोड़ा हुआ है। पीड़ित का कहना है कि 15 और 16 मई को साइबर ठगों ने उसके खाते से कई बार में एक लाख 37 हजार की रकम निकाल ली। लेकिन रकम निकाले जाने पर उसके मोबाइल पर कोइ संदेश नहीं आया। बृहस्पतिवार को वह बैंक शाखा पहुंचा, जहां उसे इस बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद पीड़ित ने अपने साथ हुई ठगी की सूचना पुलिस को दी। सिंभावली पुलिस का कहना है कि मामला साइबर क्राइम से जुड़ा हुआ है, साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। संवाद