राजस्थान में गढ़ के 9 लोग हुए जहरखुरानी के शिकार
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव लडपुरा से कुछ श्रद्धालु राजस्थान में लगने वाले मोहन राम बाबा के विशाल लक्खी मेले में गए थे, वहां से लौटने के दौरान भिवाड़ी में पहुंचने पर एक आश्रम में विश्राम करने के दौरान कुछ लोगों ने कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बांटी, जिसको पीकर क्षेत्र के नौ श्रद्धालु बेहोश हो गए, जिसके बाद वहां पर मौजूद लोगों ने सभी को सीएचसी में पहुंचाया और उपचार दिलाया।
गढ़ क्षेत्र के गांव लडपुरा निवासी मनोज, सरदार सिंह, परविंद्र, श्रीपाल, रूबी, सीमा, रामवती, राकेशो, ज्योति 21 मार्च को राजस्थान में लगने वाले राम बाबा के विशाल लक्खी मेले में गए थे। जहां पर दर्शन करने के बाद वहां से लौटने पर वे सभी काली खोली धाम पर एक धर्मशाला में ठहर गए, करीब 3 बजे सभी लोग खाना खाकर घर जाने के लिए गाड़ी के पास आए, इसी दौरान उनके पास तीन अज्ञात लोग आए और उन्होंने प्रसाद का कहकर दो बोतल कोल्ड ड्रिंक दे दी, सभी ने प्रसाद के नाम पर से कोल्ड ड्रिंक पी लिया। इसके बाद 10 से 15 मिनट में सभी लोग एक-एक करके बेहोश होकर वहीं गिर पड़े, गनीमत यह रही कि उनकी गाडिय़ां लॉक थी और कीमती सामान गाड़ियों के अंदर रखा हुआ था, जिससे उनके साथ लूटपाट जैसी घटना नहीं हो सकी। इसी बीच वहां पर मौजूद अन्य श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर जहर खुरानी गिरोह के सदस्य भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से अन्य श्रद्धालुओं को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार कराया, इसके अलावा इस संबंध में होश आने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। बुधवार को सभी श्रद्धालु अपने गांव लौट गए हैं, लेकिन अभी किसी भी श्रद्धालु की तबियत में खास सुधार नहीं है। वहीं सरदार सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।