दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या की कोशिश
गढ़मुक्तेश्वर। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला से मारपीट कर उसकी हत्या की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने न्यायालय के आदेश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि उसकी शादी मई 2021 में जनपद मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम निवासी अभिषेक के साथ हुई था। जिसमें उसके पिता व परिजनों ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी में दिए गए दहेज से उसके ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। जिन्होंने कुछ समय बाद ही 5 लाख रुपये मांगने शरू कर दिए। नवंबर 2021 में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपियों ने उसके मायके पक्ष के लोगों को हार्ट अटैक होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद परिजन उसे मायके लेकर आ गए। जिसके बाद उसने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा। सीओ पवन कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर महिला के पति अभिषेक, सास विनेश और ननद खूशबू के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी देना समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद