बदमाशों ने बरात से लौट रहे चाचा-भतीजे पर हमला कर 80 हजार लूटे
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट क्षेत्र में दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने बरात से लौट रहे युवक और उसके चाचा को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और 80 हजार की नकदी लूट ली। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले को मारपीट से जुड़ा बता रही है।
ब्रजघाट क्षेत्र के गांव बलवापुर निवासी कपिल ने बताया कि शुक्रवार को उसके चाचा करतार के बेटे राहुल की बरात जनपद बुलंदशहर के कस्बा बीबीनगर गई थी। शनिवार की सुबह वह बरात से अपने दूसरे चाचा के साथ गांव वापस लौट रहा था। ब्रजघाट-पलवाड़ा रोड पर गांव के निकट जंगल में पीछे से दो बाइकों पर तीन बदमाश पहुंचे। जिन्होंने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए तमंचे के बल पर उन्हें आतंकित कर लूटपाट की कोशिश की, विरोध करने पर तीनों बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर उसे और उसके चाचा को घायल कर दिया। जिसके बाद बदमाश उसके पास मौजूद 50 हजार और उसके चाचा के पास मौजूद 30 हजार रुपये की नकदी लूट कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने कई बार 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन नंबर नहीं लग सका। जिसके बाद वह दोनों किसी तरह घर पहुंचे। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने ब्रजघाट चौकी में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला बरात में हुई कहासुनी के बाद मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।