प्रेमिका से मिलने गए युवक को पकड़ा, बाद में कराया निकाह
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक-युवती के परिजनों और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता के बाद दोनों पक्षों की सहमति से दोनों का निकाह करा दिया गया। वहीं पुलिस मामले की जानकारी से इनकार कर रही है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक मंगलवार की रात पड़ोस के गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंच गया। दीवार कूद कर प्रेमिका के घर में घुसने की कोशिश करने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया। जिन्होंने चोर समझ कर शोर मचा दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पूछताछ की, तो युवक ने सच्चाई बता दी। जिसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए वहां पहुंचा था। जिसके बाद ग्रामीणों ने युवती व उसके परिजनों से पूछताछ की, तो युवती ने भी उससे प्रेम संबंध होना स्वीकार किया। जिसे लेकर ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को भी गांव में ही बुला लिया। जहां ग्रामीणों के साथ ही युवक और युवती के परिजनों में वार्ता हुईं। जिसमें सहमति के बाद दोनों का निकाह करा दिया गया।
वहीं सिंभावली पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है, यदि किसी पक्ष की तहरीर मिलेगी, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद