सऊदी अरब भेजने के नाम पर 1.10 लाख ठगे, थमाया नकली वीजा
गढ़मुक्तेश्वर। जनपद मेरठ निवासी एक युवक को नौकरी के लिए सऊदी अरब भेजने के नाम पर सिंभावली क्षेत्र निवासी युवक ने 1.10 लाख रुपये लेकर नकली वीजा थमा दिया। पीड़ित ने सिंभावली थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव राधना इनायतपुर निवासी नाजिम ने सिंभावली थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी एक युवक उसका परिचित है। करीब तीन माह पहले उसने सऊदी अरब का वीजा दिलाने के लिए आरोपी को एक लाख 10 हजार रुपये और अपना पासपोर्ट दिया था। जिसने एक माह में उसे सऊदी अरब भेजने का वादा किया। नाजिम ने बताया कि रुपये देने के 10 दिन बाद ही आरोपी ने सऊदी अरब का वीजा दे दिया। जिसके बाद वह एक साइबर कैफे पर सऊदी अरब का टिकट कराने के लिए पहुंचा, जहां साइबर कैफे संचालक ने जांच की तो वीजा नकली निकला। जिसके बाद उसने दिल्ली जाकर भी अपना वीजा चैक कराया, तो वहां भी उसे वीजा फर्जी बताया गया। पीड़ित का कहना है कि शिकायत करने पर आरोपी ने पासपोर्ट और पैसे लौटाने के लिए कुछ समय मांगा। 27 जनवरी को वह आरोपी के पास पैसे और पासपोर्ट लेने पहुंचा, तो आरोपी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं पासपोर्ट और पैसे मांगने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़ित ने आरोपी और उसके परिजनों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिसमें पीड़ित और आरोपी पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद