बदमाशों ने बाइक सवार से 90 हजार लूटे
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा रोड पर साधू के वेश में खड़े बदमाश ने बाइक सवार को रोक लिया और तीन लोगों के साथ मिलकर हजारों की नकदी लूट ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला आदर्श नगर निवासी वीरेंद्र कुमार ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार को बहादुरगढ़ के एक बैंक से 90 हजार की नकदी निकालकर बाइक से गढ़ लौट रहा था। जैसे ही वह बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा रोड पर पहुंचा तो सड़क पर खड़े एक साधू वेशधारी बदमाश ने उसकी बाइक को रोक लिया, जैसे ही वह रुका तो करीब सौ मीटर आगे खड़ी एक कार में बैठे तीन लोग उसके पास पहुंचे, जिन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास मौजूद 90 हजार की नकदी लूट ली और भाग निकले। उसने बदमाशों का काफी पीछा किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। बहादुरगढ़ पुलिस ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर जांच की गई है, मामला संदिग्ध लग रहा है, पूछताछ में युवक सही बात की जानकारी नहीं दे पा रहा है, उसके बावजूद भी विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।