25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली थाना के सामने 100 मीटर की दूरी पर चीनी मिल मालिक और ग्राम प्रधान के घर डकैती की घटना में शामिल एक इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार चल रहे दो आरोपी की तलाश की जा रही है।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि सिंभावली क्षेत्र के गांव भोवापुर मस्ताननगर निवासी चीनी मिल महेंद्र गोयल और ग्राम प्रधान कल्पना गोयल के घर 22 नवंबर की दोपहर में बदमाशों ने डकैती की थी। डकैती के दौरान ग्राम प्रधान कल्पना गोयल को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर डकैती की। पीड़ित महेंद्र गोयल की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वहीं पुलिस ने घटना में शामिल हरदीप सिंह, रिंकू उर्फ हरप्रीत, राजा, जावेद और आसिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसमें एक आरोपी सोनू को पुलिस ने 27 नवंबर की रात्रि में पुलिस मुठभेड में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया था और उसके दो साथी फरार हो गये थे। सीओ ने बताया कि मंगलवार की रात को सिंभावली पुलिस बड्ढा नगर पुल पर गश्त कर रही थी, सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रिंस उर्फ लाडा निवासी डी 230 टगौर गार्डन, थाना राजौरी गार्डन दिल्ली की तलाश में मौके पर पहुंच गई, जहां बदमाश ने पुलिस की तरफ फायर झोंक दिया, वहीं पुलिस ने भी आरोपी पर जवाबी फायरिंग की, जिससे आरोपी बदमाश के पैर में गोली लग गई और पुलिस ने पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का पीएचसी में उपचार कराया। वहीं आरोपी से पांच हजार की नकदी और तमंचा, एक कारतूस और खोखा बरामद हुआ। सीओ पवन ने बताया कि फरार चल रहे आरोपी गंजा और ललित फरार ह, जिनकी तलाश के लिए टीम कार्य कर रही हैं, जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।