तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार बच्चे को कुचला
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र में डहरा कुटी-पूठ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 10 साल केबच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक मौके पर छोड़कर चालक भाग गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव आलमनगर निवासी सोनू बृहस्पतिवार को बेटे अंश और साले पिंटू के साथ किसी काम से डहरा कुटी आया था। यहां से तीनों बाइक पर सवार होकर गांव आ रहे थे। डहरा कुटी-पूठ रोड पर गांव नेकनामपुर नानई के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सोनू, अंश और पिंटू घायल हो गए। वहीं बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान अंश की मौत हो गई। वहीं सोनू ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ पवन कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।