भदस्याना के शनिदेव मंदिर से मूर्ति और पीतल के तीन घंटे चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव भद्स्याना में स्थित शनिदेव मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने भगवान शनिदेव की मूर्ति और पीतल के तीन घंटे चोरी कर लिए। खंडित मूर्ति मंदिर से 100 मीटर दूर एक बाग में पड़ी मिली। मूर्ति खंडित होने और मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वहीं सीओ ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। अधिकारियों ने हापुड़ से दूसरी मूर्ति मंगवाकर मंदिर में स्थापित कराई। वहीं महंत की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच भी की जा रही है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भद्स्याना में सर्व हितैषी इंटर कॉलेज के निकट ग्रामीणों द्वारा करीब 10 वर्ष पूर्व शनिदेव और जाहरवीर मंदिर का निर्माण कराया गया था। इसमें अशोक जोशी महंत हैं और मंदिर की देखभाल करते हैं। शनिवार की सुबह करीब चार बजे जब अशोक जोशी मंदिर पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर पहुंचकर देखा तो मंदिर में स्थापित शनिदेव की मूर्ति और तीन पीतल के घंटे भी गायब थे। मंदिर से मूर्ति और घंटे चोरी होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई।
100 मीटर दूर बाग में मिली मूर्ति
महंत अशोक जोशी और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में मूर्ति की तलाश शुरू की, तो मूर्ति मंदिर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक बाग में मिली। मगर वह खंडित हो चुकी थी। खंडित मूर्ति देखकर ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।