शराब के नशे में धुत युवक ने बच्चे पर फायर झोंका
गढ़मुक्तेश्वर। शराब के नशे में धुत युवक ने घर के बाहर पटाखे जला रहे बच्चे पर तमंचे से फायर झोंक दिया। हाथ में गोली लगने से बच्चा घायल हो गया। उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सेहल निवासी सविता ने थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि चार नवंबर की रात दिवाली पर उसका नौ साल का बेटा देव उर्फ ध्रुव घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ पटाखे चला रहा था। इसी बीच गांव का ही रहने वाला धर्मेंद्र वहां पहुंच गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में धुत था और तमंचे से हवाई फायरिंग कर रहा था। घर के बाहर पहुंचते ही धर्मेंद्र ने तमंचे से उसके बेटे की तरफ फायर झोंक दिया। गोली बांए हाथ में लगने से ध्रुव घायल हो गया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकला। परिजनों ने तुरंत ध्रुव को गढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उसे मेरठ रेफर कर दिया। पीड़िता ने आरोपी धर्मेंद्र को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ पवन कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित पक्ष समेत ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच की जा रही है। वहीं जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद