पुरोहित से अभद्रता पर गढ़ कोतवाली का घेराव
गढ़मुक्तेश्वर। नगर में सिपाही द्वारा पुरोहित से अभद्रता के मामले में कार्रवाई न होने पर नाराज पुरोहितों और ब्राह्मण समाज के लोगों ने गढ़ कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की। सिपाही के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुरोहितों ने कहा कि नगर की रिफ्यूजी कॉलोनी में पुरोहित राजवीर शर्मा एक यजमान के आवास पर पूजा अर्चना करा रहे थे। इसी दौरान गढ़ कोतवाली में तैनात एक सिपाही मौके पर पहुंचा। जिसने पुरोहित के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराते हुए मामला शांत कराया, लेकिन सिपाही ने पुरोहित को झूठे मुकदमे में जेल भेजने की भी धमकी दी। इस संबंध में 22 अक्तूबर को गढ़ कोतवाली में शिकायत की गई, लेकिन अभी तक भी कोतवाली पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन करने वालों में विनोद शास्त्री, बिजेंद्र शर्मा, विवेक अत्री, रोहित शर्मा, महेश चंद शर्मा, धनंजय तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, डॉ. हर्षवर्धन, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र शर्मा ने कहा कि वहीं वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, सुनील शर्मा, लोकेश शर्मा, आशीष शर्मा ने एसपी दीपक भूकर को इस शिकायती पत्र देकर आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि इस संबंध में सीओ गढ़ पवन कुमार को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।