फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की बाइक बेचने के आरोपी गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दिल्ली व हापुड़ से चोरी की गई दो बाइक बरामद हुई हैं। मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
सीओ गढ़ पवन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार की रात नए हाईवे पर हरोड़ा रोड पर पुल के नीचे वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव रतुपुरा की तरफ से एक बाइक पर दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों को चेकिंग करते देखकर चालक ने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बावजूद भी दोनों व्यक्तियों ने दोबारा भागने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घेराबंदी कर पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। सीओ ने बताया कि दोनों व्यक्तियों से बाइक के दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र निवासी सुल्तानपुरी नई दिल्ली और हसीन निवासी गांव वैठ बताए हैं। बताया कि उक्त बाइक उन्होंने दिल्ली से चोरी की है। वहीं करीब डेढ़ माह पहले हापुड़ से चुराई गई एक बाइक हरोड़ा रोड पर स्थित हसीन की दुकान पर खड़ी हुई है। जिसे आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया।
सीओ ने बताया कि जांच के दौरान दोनों बाइकों पर लगी नंबर प्लेट फर्जी मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बाइक चोरी करने के बाद हसीन की दुकान पर उसका चेसिस नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचते हैं। सीओ पवन कुमार ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में लेते हुए जितेंद्र और हसीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।