प्रसव के दौरान नवजात की मौत पर हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। नगर की एक महिला के प्रसव के समय नवजात की गढ़ के सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने लोगों को शांत कर लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन शांत हुए।
गढ़ के मोहल्ला राजीव नगर निवासी अमित की पत्नी नेहा गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर पति और परिजनों ने उसे शुक्रवार की शाम गढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अमित ने आरोप लगाया कि भर्ती करने के काफी समय तक अस्पताल में मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने उसकी पत्नी की सही ढंग से देखभाल नहीं की, जिससे उसकी परेशानी बढ़ गई। परेशानी बढ़ने पर महिला चिकित्सक ने नेहा को निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात कहते हुए रेफर कर दिया। जिसके बाद वह परिजनों के साथ नेहा को लेकर निजी अस्पताल में ले जाने लगा, इतने में ही अस्पताल के कमरे के बाहर आते ही महिला ने नवजात को जन्म दे दिया। पीड़ित ने बताया कि बच्चा मृत था। जिसको देखकर परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ प्रवीण कुमार ने हंगामा करने वाले लोगों को शांत किया और लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हुए।
डिप्टी सीएमओ प्रवीण कुमार शर्मा का कहना है कि इस प्रकरण में जांच कर लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।