सड़क हादसे में बच्ची की मौत, पांच घायल
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के पास ट्रक और जुगाड़ वाहन की टक्कर होने से सात साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना में बच्ची के माता-पिता समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़ नगर के मोहल्ला अहाताबस्तीराम निवासी रवि की ससुराल दिल्ली के दक्षिणपुरी स्थित जेड ब्लॉक में है। वह पत्नी रजनी और सात वर्षीय बच्ची वर्षा के साथ ससुराल में ही रहता है। रविवार को रवि के भाई राहुल के बेटे का जन्मदिन था। उसमें शामिल होने के लिए रवि रजनी और वर्षा के अलावा सुनीता, महेंद्र व गाजियाबाद के सुदामा नगर निवासी डोली, राजेश देवी को साथ लेकर जुगाड़ वाहन से गढ़ आ रहे थे। जैसे ही वह सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के निकट पहुंचे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जुगाड़ में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां वर्षा को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बाकी सभी घायलों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक व जुगाड़ को कब्जे में ले लिया है। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। ट्रक व क्षतिग्रस्त जुगाड़ को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।