महिला की मौत पर हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। नगर के एक निजी अस्पताल में महिला ने बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर मेरठ ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया। जिसके एक घंटे बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए राजी हुए। वहीं पति ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी निवासी राहुल कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि पत्नी प्रीति (30) गर्भवती थी, जिसको लेकर वह 9 अगस्त की सुबह गढ़ में तहसील रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। इस दौरान उसकी पत्नी की डिलीवरी की, जिसमें प्रीति ने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़ित का आरोप है कि प्रसव के बाद उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन इस दौरान अस्पताल में अप्रशिक्षित चिकित्सक और स्टॉफ कर्मी ही मौजूद थे। रात करीब दो बजे उसकी पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिसके चलते अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने उसे मेरठ के अस्पताल में रेफर कर दिया। मेरठ ले जाने के दौरान प्रीति की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल पर पहुंचकर चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के समझाने पर परिजन व ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए तैयार हुए।
- क्या कहते हैं अधिकारी
गढ़ अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत होने के मामले में पति की तहरीर मिली है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -पवन कुमार, सीओ