ट्रक चालक को हिरासत में लेने पर भाकियू ने कोतवाली घेरी
गढ़मुक्तेश्वर। भाकियू कार्यकर्ता के रिश्तेदार को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के मामले में भाकियू ने गढ़ कोतवाली का घेराव कर दो घंटे धरना दिया। जिसके बाद कोतवाली पहुंचे सीओ और कोतवाल ने निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया। तब भाकियू कार्यकर्ताओं ने आश्वासन के बाद धरना स्थगित किया।
रविवार को गढ़ कोतवाली में धरना देने के दौरान भाकियू प्रदेश सचिव कुशलपाल आर्य ने बताया कि भाकियू कार्यकर्ता परवेज चौधरी के पिलखुवा निवासी एक रिश्तेदार ट्रक चालक है। बताया कि शनिवार की शाम रिश्तेदार ट्रक में जब शहजानपुर से दिल्ली के लिए मैदा लेकर जा रहा था। जैसे ही वह जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र में पहुंचा तो हापुड़ पुुलिस ने ट्रक समेत चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया और गढ़ कोतवाली ले आए। भाकियू कार्यकर्ता परवेज ने बताया कि शनिवार को जब पुलिस से वार्ता की गई तो पुलिस ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। जिससे गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने रविवार की सुबह कोतवाली पहुंचकर घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता की, जिसमें पुलिस टीम किसी आपराधिक घटना के मामले में दोनों को हिरासत में लाने की बात कह रही थी। दो घंटे तक भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा धरना देने पर मौके पर पहुंचे सीओ पवन कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने भाकियू कार्यकर्ताओं को शांत किया और सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि ट्रक चालक के एक आपराधिक घटना से जुड़े होने का मामला सामने आ रहा है, जिसकी पूछताछ के लिए दोनों को हिरासत में लिया है। निष्पक्ष जांच के बाद यदि चालक किसी मामले में लिप्त नहीं मिलता है तो पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया जाएगा। पुुलिस के आश्वासन पर सभी भाकियू कार्यकर्ता शांत हो गए और धरना स्थगित कर वापस लौट गए। इस मौके पर विरेंद्र सिंह, हाजी कौशर, शब्बू चौधरी, दिनेश शर्मा, विकास तोमर, इमरान, साजिद, हरेंद्र, तेजपाल, बादल, परवेज, सलीम, सलमान और रिजवान मौजूद रहे।
किसी आपराधिक घटना के मामले में लिप्त होने का मामला सामने आया है, मामले में हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। सच्चाई सामने आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अजय चौधरी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, गढ़