घरों में हुई लूट में दो बदमाश किए गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने गांव बिलहारा और जमालपुर में दो घरों में शनिवार की रात हुई लूट का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
सिंभावली थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि क्षेत्र के गांव बिलहार में शनिवार की रात पवन कुमार और जमालपुर में ओमपाल के घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने घर में सो रहीं महिलाओं के कानों से कुंडल लूट लिए थे। जाग होने पर बदमाशों ने ओमपाल की पत्नी नीलम, माता रघुवीरी, पवन की माता समेत उनके परिजनों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि ओमपाल के परिजनों ने भागने के दौरान एक बदमाश को पहचान लिया। पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। इस दौरान अंजान और समीर निवासी गांव जमालपुर के नाम प्रकाश में आए। जिन्हें दबिश देकर पुलिस टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास से लूटी गई पांच हजार रुपये की रकम और घटना में प्रयुक्त दो डंडे बरामद किए हैं। दोनों बदमाशों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है, जिनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।