लूट की साजिश रचते तीन बदमाश गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ पुलिस ने क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर लूट की साजिश रचते तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, चाकू व टॉर्च बरामद की गई है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि रविवार की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एसआई अमित कुमार सिंह को सूचना मिली कि बहादुरगढ़ में एक निर्माणाधीन मदरसे में तीन बदमाश बैठे हैं, जो क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई और निर्माणाधीन मदरसे में दबिश दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू भी बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम जाकिर निवासी मोहल्ला रजानगर कस्बा क्वार्सी, अनीश निवासी गांव नौरथा और जाफर निवासी गांव चिलकौरा, क्वार्सी जनपद अलीगढ़ बताए हैं।
लूट के विरोध पर हत्या की थी योजना
इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि वह लोग रात में बहादुरगढ़ स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की योजना बना रहे थे। इस दौरान यदि कोई भी उनका विरोध करता, तो वह हत्या करने से पीछे भी नहीं हटते।
विभिन्न थानों में दर्ज हैं मुकदमे
इंस्पेक्टर अजय चौधरी ने बताया कि तीनों बदमाश काफी शातिर हैं। जिनके खिलाफ थाना अलीगढ़ क्षेत्र के थाना गभाना, जंवा, बन्ना देवी, क्वार्सी, लोधा व जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी, अरनिया, खुर्जा देहात, डिबाई में गोवध अधिनियम, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, लूट समेत अन्य मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।