हरौड़ा मेें हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो बच्चियों की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में भट्ठे पर काम करने वाले परिवारों की दो मासूम बच्चियां कमरे के ऊपर से निकल रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चियों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव हरौड़ा में बिजलीघर के निकट एक ईंट भट्ठा है। ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए जनपद अमरोहा के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव चचौरा निवासी मतीन और उसका चचेरा भाई कामिल परिवार समेत भट्ठा परिसर में ही बने आवास में अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की सुबह मतीन, कामिल समेत अन्य मजदूर भट्ठे पर अपने-अपने काम में लगे हुए थे। इस दौरान मतीन की छह वर्षीय बेटी कशिश और कामिल की 05 वर्षीय बेटी शाहिबानूर मजदूरों के आवास की छत पर खेल रही थीं। खेलने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तार पर गिरे दुपट्टे को लोहे की रॉड से उतारने पर हुआ हादसा
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि खेलने के दौरान कशिश का दुपट्टा उड़कर हाईटेंशन लाइन के तार में फंस गया। जिसे निकालने के लिए दोनों मासूमों ने पास में पड़ी लोहे की रॉड उठा ली। लोहे की रॉड से दुपट्टा अपनी तरफ खींचते ही कशिश को करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। इसी बीच शाहिबानूर ने बचाने के लिए उसे पकड़ लिया। करंट की चपेट में आकर दोनों बच्चियों की मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत बिजलीघर पहुंचे, जिन्होंने बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद बच्चियों को तार से अलग हटाया जा सका। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
भट्ठा मालिक ने दिया मदद का आश्वासन
भट्ठा मालिक राजेंद्र सिंह डंग का कहना है कि बिजली के तारों की चपेट में आकर बच्चियों की मौत होना काफी दर्दनाक है। जिसकी भरपाई कर पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद करेंगे। मृतक कशिश तीन भाइयों की इकलौती बहन थी, जबकि शाहिबानूर के कई भाई-बहन थे।
हाईटेंशन लाइन के नीचे नहीं बनाने थे आवास
विद्युत निगम के एक्सईएन केपी पुरी का कहना है कि उक्त हाईटेंशन लाइन काफी पुरानी है। भट्ठा मालिक को लाइन के नीचे आवास नहीं बनाने चाहिए थे। मामले की जांच कराई जाएगी।
कोट-
वहीं इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर का कहना है कि दोनों बच्चियों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद