सालारपुर-शरीफाबाद में मात्र 311 का हुआ टीकाकरण
गढ़मुक्तेश्वर। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सालारपुर-शरीफाबाद में जागरूकता आने के बाद ग्रामीणों ने टीका लगवाना शुरू कर दिया है। युवा वर्ग रजिस्ट्रेशन कराने के बाद स्लॉट बुकिंग का इंतजार कर रहे है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के 311 लोगों को टीका लग चुका है।
सालारपुर-शरीफाबाद की आबादी करीब ढाई हजार है। जो तहसील मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर है। ग्राम प्रधान समेत प्रबुद्ध लोगों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने टीका लगवाना शुरू कर दिया है, लेकिन अभी केवल 311 लोगों को ही टीका लगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रधान अमित चौहान ने सफाई और सैनिटाइजेशन पर जोर दिया। वहीं अब गांव के लोगों को टीका लगवाने के लिए भी समझा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से एक बार फिर शिविर लगाने के लिए लिखा गया है।
रजिस्ट्रेशन करा चुका, सभी को कर रहा जागरूक
टीका लगवाने के लिए काफी उत्साहित हूं। टीके के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुका हूं, लेकिन अभी तारीख नहीं मिली है। वहीं गांव में सभी को टीका लगवाने के लिए जागरूक कर रहा हूं।-अमित चौहान, ग्राम प्रधान
-गांव में लगे शिविर में लगवा लिया टीका
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में लगाए गए शिविर में टीका लगवा लिया था। टीका लगवाकर काफी सुरक्षित महसूस कर रहा हूं। युवाओं समेत अन्य ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहा हूं। -प्रमोद शर्मा, ग्रामीण
-समझाने पर डर हुआ दूर
पहले टीका लगवाने पर बीमार होने का डर लगा हुआ था। प्रधान समेत अन्य लोगों के समझाने पर शिविर में पहुंचकर टीका लगवाया। अब दूसरे लोगों को भी फायदे बता रहा हूं।-राकेश, ग्रामीण
सभी लगवाएं टीका, कोई खतरा नहीं
कोविड वैक्सीन सभी लोगों को संक्रमण से लड़ने के लिए इम्यूनिटी बढ़ाती है। इसे लगवाने से कोई खतरा नहीं है। इसलिए सभी लोगों को समझा रहा हूं। खुद को भी टीका लगवाया है। -गुड्डू ठेकेदार, ग्रामीण
-ग्रामीण लगवाने लगे वैक्सीन, दोबारा लगेगा कैंप
अब ग्रामीणों में टीकाकरण को लेकर डर दूर होने लगा है, जिसके चलते गांवों में लोग टीका लगवाने लगे हैं। सालारपुर-शरीफाबाद में दोबारा भी कैंप लगवाया जाएगा।-डॉ. दिनेश भारती, सीएचसी अधीक्षक गढ़