जिला पंचायत सदस्य के लिए प्रचार कर रहे 17 गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी के पक्ष में बिना अनुमति प्रचार करने पर पुलिस ने प्रत्याशी के पति समेत 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जिनमें से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार ने बताया कि बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था और पंचायत चुनाव में देखरेख के मकसद से गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर गांव दौताई में आंबेडकर मूर्ति के पास दबिश दी गई। जहां गांव बदरखा निवासी आरिफ अपनी जिला पंचायत सदस्य पद पर प्रत्याशी पत्नी के पक्ष में 14-15 लोगों को साथ लेकर चुनाव प्रचार कर रहा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 27 अप्रैल को शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार बंद हो चुका था। वहीं मौके पर मौजूद लोग बिना मास्क लगाए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बिना ही वहां पर खड़े हुए थे। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने की आंशका बनी हुई थी। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग भाग निकले, लेकिन पुलिस टीम एक कार के पास खड़े व्यक्ति को दबोच लिया। पूछताछ में अपना नाम मुजम्मिल निवासी गांव दौताई बताया, जिसने बताया कि भागने वालों में एक व्यक्ति आरिफ निवासी गांव बदरखा है, बाकी अन्य लोगों की जानकारी नहीं है। वह सभी लोग जिला पंचायत सदस्य पर पर चुनाव लड़ रही एक प्रत्याशी के पक्ष में चोरी से प्रचार कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। वहीं आरिफ, मुजम्मिल समेत 17 लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।