ट्रेन से गिरकर आरआरएफ के जवान की हुई मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा नगरी ब्रजघाट में रेलवे हाल्ट के पास ट्रेन से गिरकर आरआरएफ के जवान की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ब्रजघाट चौकी प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस टीम को गंगानगरी ब्रजघाट में रेलवे हाल्ट के निकट पटरियों पर अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि मृतक के पास मिले एक बैग की तलाशी ली गई, जिसमें रखे पर्स में आधार कार्ड, पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत आरआरएफ का आईकार्ड मिला। इसके आधार पर शिनाख्त जनपद मुजफ्फरनगर की सर्कुलर रोड शाकुंतलम आवास-विकास कॉलोनी निवासी भोपाल सिंह के बेटे राजीव कुमार (41 वर्ष) के रूप में हुई। वहीं बैग में मिले मोबाइल के आधार पर मृतक के साले रोहित कुमार और पत्नी शालू को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में लखनऊ में तैनात थे। तीन दिन की छुट्टी के बाद वह नौचंदी ट्रेन से रविवार की रात लखनऊ के लिए चला था। राजीव दो बच्चों का पिता था।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला रात के समय ट्रेन से गिरकर मौत का लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। संवाद