वोट के लिए खुडलिया में बंट रहे थे बेसन के लड्डू
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने पंचायत चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए ला रहे 20 किलो बेसन के लड्डू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
सिंभावली थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष लाखन सिंह ने बताया कि सिंभावली पुलिस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और कोरोना कर्फ्यू के चलते पुलिस टीम शनिवार की रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर कि मतदाताओं को बांटने के लिए एक युवक बेसन के लिए लड्डू ला रहा है। गांव खुडलिया के निकट पुलिस ने एक युवक कोथैले में सामान ले जाते देखा। उक्त युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले में 20 किलोग्राम बेसन के लड्डू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजयवीर बताया। जिसने बताया कि उक्त लड्डू गांव में प्रधान पद पर चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए ग्रामीणों को बांटने के लिए लेकर जा रहा था। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने बताया कि लड्डुओं को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ महामारी अधिनियम समेत चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ पवन कुमार का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों और मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। संवाद