गढ़ में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : GARH
गढ़ में सीओ के खिलाफ अधिवक्ता हुए लामबंद
गढ़मुक्तेश्वर। साथी अधिवक्ता की गिरफ्तारी और सीओ द्वारा अभद्र व्यवहार करने से गुस्साए बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चौथे दिन भी सीओ का विरोध जारी रखा। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। वहीं आईजी और डीआईजी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग भी की जाएगी।
बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा और सचिव चौधरी अवनीश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को भी अधिवक्ताओं ने एकत्र होकर सीओ पवन कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि 19 अप्रैल को एक अधिवक्ता की अकारण गिरफ्तारी के बाद बार एसोसिएशन व विधायक के हस्तक्षेप के बाद भी बहादुरगढ़ एसओ ने चालान कर दिया गया। इस संबंध में वार्ता करने गए अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से सीओ ने भी अभद्रता की। चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि इस संबंध में सीओ से वार्ता की पेशकश की गई, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला है। बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं द्वारा सीओ का पुतला फूंका गया, लेकिन अभी तक उनकी तरफ से वार्ता का कोई प्रस्ताव नहीं मिला, जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते जिला स्तरीय अधिकारियों से संपर्क नहीं हो रहा है। जिसके चलते बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि 26 अप्रैल को हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति मेरठ के पदाधिकारियों से इस संबंध में वार्ता की जाएगी। जिसके बाद आईजी व डीआईजी से भी सीओ के व्यवहार के बारे में चर्चा होगी। जब तक समस्या का निस्तारण नहीं होता तब तक सीओ का विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर चौधरी अमरपाल, नरेश गिल, ठाकुर सुकेंद्र सिंह, शांतनु तोमर, विरेंद्र चौहान, केएल चौहान, नरेंद्र गुप्ता, राजकुंवर चौहान, धनवंत राय, दिग्विजय सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, दीपक कुमार समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।