अभद्रता से गुस्साए अधिवक्ताओं ने फूंका सीओ का पुतला
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा अधिवक्ता की गिरफ्तारी समेत सीओ के अभद्र व्यवहार से गुस्साए अधिवक्ताओं ने सीओ का पुतला फूंकते हुए हंगामा किया। वहीं, मंडलायुक्त से वार्ता होने और समाधान न निकलने तक सीओ का विरोध जारी रखने की घोषणा की है।
बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा और सचिव चौधरी अवनीश कुमार के नेतृत्व में बार हॉल में बृहस्पतिवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अध्यक्ष ने कहा कि एसओ बहादुरगढ़ द्वारा बिना किसी कारण अधिवक्ता अभिषेक तोमर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के पहुंचने और क्षेत्रीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद भी उनका चालान कर दिया गया। इसकी शिकायत करने पर सीओ गढ़ पवन कुमार ने भी अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता की। इस संबंध में मंगलवार को बार एसोसिएशन के दोनों गुटों ने सीओ से वार्ता करने की कोशिश की, लेकिन वह अपने कार्यालय पर नहीं पहुंचे। इसके चलते अधिवक्ताओं में आक्रोश पनप गया। बैठक के बार दोनों गुटों से जुड़े अधिवक्ता बृहस्पतिवार की दोपहर सीओ कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। जिन्होंने सीओ का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की। चौधरी अवनीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन का समर्थन मांगा गया है, जिस पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि सीओ के अभद्र व्यवहार और एसओ बहादुरगढ़ द्वारा अकारण अधिवक्ता की गिरफ्तारी के संबंध में केंद्रीय संघर्ष समिति को अवगत कराया जाएगा, जिसके बाद जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल मंडलायुक्त से मुलाकात कर दोनों अधिकारियों के व्यवहार के संबंध में वार्ता करेगा। तब तक सीओ का विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर चौधरी अमरपाल सिंह, बलराज त्यागी, दिग्विजय सिंह, सतेंद्र चौधरी, ठाकुर सुकेंद्र सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, मनोज गोयल, शाकिर अली, वीरेंद्र चौहान, कलीम खान, सुहेल आलम, हेमंत गौड़, सत्यप्रकाश चौहान, सीएस यादव, मिलिन कुमार समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।