1648 उम्मीदवारों के सामने कोई नहीं उतरा मैदान में
हापुड़। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तस्वीर अब साफ हो गई है। नामांकन, जांच और नाम वापसी के बाद चारों पदों पर अब कुल 7752 प्रत्याशियों के बीच मतदान होगा। जबकि बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के 1648 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें 18 प्रत्याशी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद व बाकी 1630 ग्राम पंचायत सदस्य पद हैं। इनके सामने किसी दूसरे प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। ऐसे प्रत्याशियों में खुशी का माहौल है।
17 और 18 अप्रैल को हुई नामांकन प्रक्रिया के बाद नाम वापसी और नामांकन पत्रों की जांच भी पूरी हो चुकी है। जिसके बाद अब 29 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद जिले में कुल 18 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया है। इनमें से हापुड़ ब्लाक में सात, धौलाना में तीन, गढ़ में आठ शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्यों में हापुड़ ब्लॉक में 450, धौलाना ब्लॉक में 530, सिंभावली में 150 और गढ़ में 500 शामिल हैं। कुल मिलाकर 1630 ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। ऐसे प्रत्याशियों ने जीत का जश्न भी मनाना शुरू कर दिया गया है। ग्राम पंचायत सदस्य प्रत्याशियों की संख्या पदों से भी कम है। जिसे देखते हुए बहुत सी ऐसी ग्राम पंचायतें हैं, जहां कोरम पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सकतें। हापुड़ ब्लॉक की बात करें तो 16 ग्राम पंचायतें कोरम पूरा नहीं कर पाई है।
उधर, चुनाव में लगे आरओ और एआरओ वार्डवार मतपत्रों की मांग तैयार करने में जुट गए हैं। जल्दी ही ब्लॉक के आधार पर मतपत्रों की स्थिति साफ होने के बाद डिमांड भेज दी जाएगी।
एडीएम जयनाथ यादव का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पूरे निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतपत्रों की स्थिति का आंकलन किया जा रहा है।
इतने प्रत्याशियों के बीच होगा चुनाव
231 जिला पंचायत के 19 वार्ड में प्रत्याशी
2035 क्षेत्र पंचायत के 432 वार्ड में प्रत्याशी
2062 ग्राम प्रधान के 273 पदों पर प्रत्याशी
3424 ग्राम पंचायत सदस्य के 3633 पदों पर प्रत्याशी
----
ग्राम पंचायत सदस्य के 209 से अधिक पदों पर होगा उपचुनाव-
3633 ग्राम पंचायत सदस्यों की तुलना में केवल 3424 नामांकन ही आए थे। इनमें 407 निरस्त हो गए थे और 63 ने नाम वापस ले लिए। कुल मिलाकर ग्राम पंचायत सदस्य के 209 से अधिक पदों पर उपचुनाव होगा। तभी गांव पंचायतों का कोरम पूरा होगा और चयनित प्रधान गांव की सरकार की शपथ ले सकेंगे।