सड़क हादसों में छह लोग घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक युवक को चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।
जनपद मेरठ के शास्त्री नगर निवासी अनुज बुधवार को अपने दोस्त महेंद्र के साथ बाइक से ब्रजघाट गंगा स्नान करने के लिए आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक गढ़ क्षेत्र में मेरठ रोड पर गांव दौताई के निकट नहर पुल पर पहुंची, तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में साइड मार दी, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और दोनों युवक घायल हो गए।
इसके अलावा गढ़-स्याना रोड पर गांव सलारपुर के पास अचानक सड़क पर सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में नियाज निवासी जनपद बुलंदशहर बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक फिसल गई। जिससे बाइक पर सवार नियाज और उसका तहेरा भाई वकार घायल हो गए। इसके अलावा ब्रजघाट-पलवाड़ा रोड पर हुए हादसे में रामचंदर निवासी स्याना जनपद बुलंदशहर घायल हुआ। ब्रजघाट क्षेत्र में गंगा स्नान कर लौटने के दौरान सड़क पार करते हुए अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गजरौला निवासी महकार भी घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने रामचंदर को मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। संवाद