गांव लुहारी में घायल मिला बारहसिंघा।
- फोटो : GARH
आबादी में घुसे बारहसिंघा पर कुत्तों ने किया हमला
गढ़मुक्तेश्वर। जंगल से भटक कर आबादी में घुसे बारहसिंघा पर कुत्तों ने हमला बोल दिया। जिससे वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने बारहसिंघा को कुत्तों से बचाकर वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को उसे सुपुर्द कर दिया है। जहां पर उसका उपचार कराया जा रहा है।
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव लुहारी में मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे एक बारहसिंघा जंगल से रास्ता भटक कर आबादी में घुस आया। गांव में घुसे बारहसिंघा को देखकर कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। जिससे वह घायल हो गया। ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो देखा कि कुत्तों के झुंड ने बारहसिंघा को घेर रखा है। ग्रामीणों ने कुत्तों को वहां से भगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर बारहसिंघा को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक को बुलाकर उसका उपचार कराया। वहीं इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना के बाद गांव में पहुंची वन विभाग की टीम ने बारहसिंघा को कब्जे में ले लिया और विभाग की नर्सरी में छोड़ दिया गया है। रेंजर मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि कुत्तों के हमले से बारहसिंघा घायल हो गया है। जिसका उपचार कराया जा रहा है। ठीक होने के बाद उसे हस्तिनापुर वन्य जीव क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।