महिला श्रद्धालु और दुकानदार में हुई मारपीट
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट में माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आई महिला श्रद्धालु और दुकानदार के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। पुलिस दोनों की तहरीर पर मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को माघ पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गंगा स्नान करने आई गाजियाबाद निवासी एक महिला श्रद्धालु ब्रजघाट के बाजार में स्थित एक दुकान से सामान खरीदने लगी। इस दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दुकानदार और महिला के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों में हो रहे विवाद को शांत करा दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद