गृह क्लेश में युवक ने खाया जहरीला पदार्थ
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में युवक ने गृह क्लेश के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। परिजनों ने गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक का रविवार की सुबह किसी बात को लेकर अपने परिजनों से विवाद हो गया। जिसके बाद युवक ने अपने आप को एक कमरे में बंद कर लिया। जब युवक दोपहर बाद तक भी कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों को चिंता हुई। युवक को कमरे से बाहर निकलने के लिए कहा, लेकिन जब युवक बाहर नहीं आया तो दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। जहां युवक के मुंह से झाग निकलते देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है। मेरठ के अस्पताल में युवक का उपचार चल रहा है। एसओ राजीव बालियान ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद