रोडवेज बस की चपेट मे आकर ग्रामीण की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर थाने के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी कृष्ण शनिवार की शाम किसी काम से सिंभावली शुगर मिल स्थित बाजार में आया था। जहां से देर शाम वह पैदल ही गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर सिंभावली थाने के निकट गांव बक्सर नहर पटरी के पास सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज की बस ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने कृष्ण को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ मेडिकल ले जाने के दौरान घायल की मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई राकेश ने अज्ञात रोडवेज चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट कर रोडवेज चालक की तलाश की जा रही है।