सड़क हादसों में पिता-पुत्री समेत पांच घायल
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे और मेरठ रोड पर हुए सड़क हादसों में पिता पुत्री समेत पांच लोग घायल हो गए, राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जनपद गाजियाबाद के शास्त्री नगर निवासी पंकज अपनी पुत्री बुलबुल के साथ बृहस्पतिवार की सुबह बाइक पर सवार होकर जनपद अमरोहा में जा रहे थे, जैसे ही वह सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा फ्लाईओवर पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में साइड मार दी, जिससे बाइक पर सवार पिता पुत्री सड़क किनारे जा गिरे और घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना में जनपद मेरठ के हसनपुर कलां निवासी राजू अपने साथी देवेंद्र और राहुल के साथ कार में सवार होकर गढ़ में आ रहे थे, जैसे ही वह गढ़ क्षेत्र में गांव नानपुर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे डंपर ने ओवरटेक करने के चक्कर में साइड मार दी, जिससे कार खेतों में घुस गई, कार में सवार तीनों साथी घायल हो गया। घायलों को राहगीरों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल उपचार कराने के बाद अपने गंतव्य को रवाना हो गए।