पूर्व मंत्री मदन चौहान को सियासत न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी
गढ़मुक्तेश्वर। पूर्व विधायक और मंत्री मदन चौहान को सियासत न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मदन चौहान गढ़ विधानसभा क्षेत्र से पांच बार समाजवादी पार्टी से विधायक रह चुके हैं।
पूर्व मनोरंजन कर मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) मदन चौहान ने सोमवार को बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी है। मदन चौहान ने बताया कि वह गढ़ नगर में स्याना रोड पर स्थित मोहल्ला राजनगर में रहते हैं। बताया कि 31 अक्तूबर को वह गढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से शिष्टाचार भेंट करने के लिए गए थे। मदन चौहान ने कहा कि बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पसवाड़ा से देर शाम लौटने के दौरान रास्ते में उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने राजनीति न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मदन चौहान ने कहा कि आरोपी ने कई बार कॉल कर उन्हें धमकी दी है।इससे उन्हें अपने और अपने परिजनों के जान माल की सुरक्षा की चिंता बनी हुई है। पूर्व मंत्री ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पूर्व मंत्री से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आते ही क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसओ नीरज कुमार ने बताया कि पूर्व मंत्री की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है, आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।