बकाया गन्ना भुगतान के लिए भाकियू ने दिया धरना
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली शुगर मिल पर बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भाकियू ने गन्ना समिति परिसर में धरना प्रदर्शन किया। जिन्होंने शुगर मिल प्रबंधकों और विद्युत निगम के अधिकारियों को धरनास्थल पर ही बैठा लिया। हालांकि मिल प्रबंधन द्वारा समिति को दस करोड़ रुपये का चेक सौंपने और बीस करोड़ रुपये का जल्द भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए और धरना स्थगित कर दिया।
भाकियू के पूर्व राष्ट्रीय सचिव चौधरी सतवीर सिंह और कुशलपाल सिंह आर्य के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को सिंभावली गन्ना समिति परिसर में मिल के खिलाफ अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस मौके पर चौधरी सतवीर सिंह और धनवीर शास्त्री ने कहा कि सिंभावली शुगर मिल पर किसानों का तीन सौ आठ करोड़ रुपया बकाया है, लेकिन मिल प्रबंधन और प्रशासन की मिलीभगत के चलते भुगतान नहीं हो पा रहा है।
इस दौरान धरना स्थल पर पहुंचे गन्ना समिति सचिव राकेश पटेल, मिल के गन्ना प्रबंधक अमानउल्ला खां और विद्युत निगम के जेई रविकंात गुप्ता को भी किसानों ने अपने साथ धरनास्थल पर बैठा लिया, जिन्होंने इनके उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रखी। जिसके बाद मिल के मुख्य महाप्रबंधक करन सिंह, गन्ना महाप्रबंधक सुधीर कुमार, विद्युत निगम के एक्सईन केपी पुरी, जिला गन्नाधिकारी निधि गुप्ता धरना स्थल पर पहुंचे। मिल प्रबंधन द्वारा दस करोड़ रुपये के चेक गन्ना समिति को भुगतान के लिए सौंप दिए, इसके अलावा बीस करोड़ रुपये का भुगतान अक्तूबर माह में करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद भाकियू कार्यकर्ता और किसान शांत हुए और धरना स्थगित कर वापस लौट गए। जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह, लव कुमार, एसपी कर्दम, शिव कुमार तोमर, हरवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमानत अली, अनवार अली, मथन सिंह, परवेज, हाजी कौशर, डॉ. रामपाल चौहान, रामफल, जबर सिंह, यशवीर, शाहिद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।