ई-डिस्ट्रिक्ट समीक्षा में हापुड़ फिर रहा अव्वल
हापुड़। प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम ई-डिस्ट्रिक्ट की सितंबर माह की समीक्षा हापुड़ को हर माह की भांति इस माह भी पहला स्थान मिला है। जिले को पहला स्थान मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए अक्तूबर माह में भी शिकायतों व ऑनलाइन प्रमाण पत्रों को समय से जारी करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले कई माह से प्रदेश ई-डिस्ट्रिक्ट पर प्राप्त होने वाले ऑनलाइन प्रमाण पत्रों व आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण करने की समीक्षा में पहला स्थान प्राप्त कर रहा है। जबकि ई-डिस्ट्रिक्ट व आईजीआरएस को लेकर समय समय पर जिला स्तर पर समीक्षा की जाती है। ताकि प्रदेश में हापुड़ पहले स्थान पर बना रहे। बृहस्पतिवार को ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम को लेकर प्रदेश में समीक्षा हुई। इसमें समय से ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी करने, लोगों की शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने आदि पर हापुड़ को पहला स्थान मिला है। हापुड़ को पहला स्थान मिलने पर डीएम अदिति सिंह ने अधिकारियों को इसका श्रेय दिया। साथ ही कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट व आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का अधिकारी समय से निस्तारण करें। ताकि लोगों को सरकार के कार्यक्रमों की बेहतर सुविधा मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहला स्थान मिलने में समस्त संबंधित अधिकारियों का श्रेय है। ऐेसे में अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अक्टूबर माह में भी आईजीआरएस और ई-डिस्ट्रिक्ट पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं का समय से निस्तारण करें। ताकि कोई भी विभाग डिफाल्टर न हो सकें।