सिंभावली पुलिस द्वारा मुठभेड़ में दबोचा तस्कर।
- फोटो : GARH
मुठभेड़ में गोली लगने से तस्कर घायल, दो फरार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव रतूपुरा के जंगल में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक कथित गोतस्कर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 50 किलो कथित गोमांस बरामद किया। वहीं घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सिंभावली पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। क्षेत्र के गांव रतूपुरा के जंगल में गांव की तरफ से कार सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया। लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों पर फायर किया, इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि उसे दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ फरार हो गए।
एसओ सिंभावली राहुल चौधरी ने बताया कि घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जाने आलम निवासी गांव रतूपुरा बताया है। जिसके पास से एक तमंचा, कारतूस, 50 किलो कथित गोमांस बरामद हुआ है। बदमाश ने अपने फरार साथियों के नाम शहजाद और रागिब निवासी गांव रतूपुरा बताए हैं। एसओ ने बताया कि जाने आलम और शहजाद के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। शहजाद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। बरामद मांस, तमंचे, कारतूस समेत कार को कब्जे में लेते हुए बदमाश का उपचार कराया जा रहा है। जिसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। मांस के नमूने जांच के लिए लैब भिजवाए गए हैं।