घर बुलाकर नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, दी धमकी
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसे अपने घर बुलाकर दुष्कर्म की कोशिश की। मौके पर पहुंची पीड़िता की मां को देखकर आरोपी धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी कार्यालय पर की है। मामले में एफआईआर के आदेश दिए गए हैं।
देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि गांव निवासी एक युवक ने उसकी 13 वर्षीय पुत्री को बहला फुसलाकर अपने जाल में फंसा लिया। उक्त युवक उसकी पुत्री के व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने लगा। आरोप है कि 21 सितंबर को युवक उसकी पुत्री को किसी बहाने से अपने घर ले गया। जहां युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची को घर में न देखकर उसे ढूंढती हुई वह भी मौके पर पहुंच गई। नाबालिग की मां को देखकर आरोपी उसकी पुत्री को धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने देहात थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला गंभीर है। देहात थाना प्रभारी को मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए है।