बदमाशों ने दो घरों में धावा बोला, कुंडल व नगदी लूटी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव रझैड़ा में दो घरों में घुसे बदमाशों ने महिलाओं को आतंकित करते हुए कुंडल समेत हजारों रुपये की नगदी लूट ली। जाग होने पर बदमाश जंगल में घुसकर भाग निकले, ग्रामीणों समेत परिजनों ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाश भाग निकलने में कामयाब हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव रझैड़ा में बुधवार की रात करीब एक बजे आधा दर्जन कच्छा बनियानधारी बदमाश गांव के बाहरी छोर पर स्थित अमरजीत यादव के घर में पीछे की दीवार फांदकर घुस गए। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने जिन कमरों में परिवार के लोग सो रहे थे, उनकी कुंडी बाहर से बंद कर दी। जिसके बाद एक कमरे में रखी सेफ के ताले तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली। कमरे से बाहर निकलने के बाद बदमाशों ने आंगन में सो रही अमरजीत की पत्नी रेखा और उसकी विवाहित बेटी शालू को जगाकर उन्हें हथियारों के बल पर आतंकित कर उनके कानों में पहने हुए कुंडल भी लूट लिए। इसी दौरान डर के कारण महिलाओं की चीख निकल गई। आवाज सुनकर कमरे में सो रहे अमरजीत और उसके बेटे गौरव, सौरभ जाग गए। इस दौरान बदमाश जंगल में जाकर छिप गए। महिलाओं ने कमरों के दरवाजे खोले, जिसके बाद परिजन बाहर निकले और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद करीब दो बजे बदमाशों ने गांव में दूसरे छोर पर स्थित जयप्रकाश के घर पर धावा बोला, जहां घर में घुसकर उन्होंने आंगन में सो रही जयप्रकाश की पत्नी संगीता के कानों कुंडल लूट लिए और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने शोर मचाया। जाग होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश खेतों में छिपकर भाग निकलने में कामयाब हो गए। पीड़ितों ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के संबंध में अमरजीत यादव और जयप्रकाश ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोट
सिंभावली थानाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि दोनों तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।