नेशनल हाईवे पर कार पर गिरा पेड़, हादसा टला
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे 9 पर ब्रजघाट और टोल प्लाजा के बीच में बारिश होने के कारण हाईवे किनारे खड़ा एक पेड़ अचानक से कार पर गिर गया। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार सवार बच गए और बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने हाईवे से पेड़ को हटवाकर वाहनों का आवागमन चालू कराया।
गढ़ में नेशनल हाईवे 9 पर सोमवार की शाम करीब पांच बजे ब्रजघाट और टोल प्लाजा के बीच में हाईवे किनारे एक पुराना पेड़ बारिश के कारण अचानक दिल्ली की तरफ से चंदौसी जा रही एक कार पर गिर गया। इस दौरान कार में सवार महिला और बच्चे सहम उठे। जिसके बाद आननफानन में राहगीरों ने पेड़ को एक साथ मिलकर कार से अलग हटाया। पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार में बैठे लोगों को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे पर पेड़ पड़ा रहा, जिसके कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने क्रेन का सहारा लेकर पेड़ को हाईवे से अलग हटाया और हाईवे पर जाम में फसे लोगों ने राहत की सांस ली।
वन क्षेत्र अधिकारी मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि पुराना पेड़ होने के कारण अचानक से पेड़ गिर गया, जिसको टीम के साथ मौके पहुंचकर हाईवे से अलग हटवा दिया है।