कालाबाजारी को रोकने में जुटा प्रशासन
गढ़मुक्तेश्वर। लॉक डाउन के चलते कालाबाजारी और घटतौली रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त है। एसडीएम समेत बांट माप विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में दुकानों पर जांच की।
वरिष्ठ बांट-माप निरीक्षक ज्ञान प्रकाश द्विवेदी, विपणन निरीक्षण संजय कुमार और एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने किराना, समेत सब्जी और फलों की दुकानों का निरीक्षण किया। जीपी द्विवेदी ने बताया कि गढ़, सिंभावली क्षेत्र में कई स्थानों पर दुकानों पर जांच पड़ताल की गई। इस दौरान कई दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं की गई थी, जिसे लेकर दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई गई। बताया कि जांच के दौरान तहसील रोड पर स्थित सब्जी की दुकानों का निरीक्षण किया गया। जहां रेट लिस्ट तो सही पाई गई, लेकिन तौल यंत्रों में गड़बड़ी कर घटतौली पकड़ी गई। जिसके चलते दो दुकानदारों का चालान किया गया है। सुभाष गेट पर स्थित एक दुकान पर आटे के पांच किलो के पैकेट पर एमआरपी नहीं मिली, इसके अलावा मेरठ रोड पर चावल के पैकेट पर रेट, वेट समेत पैकिंग डेट अंकित नहीं पाया गया। गांव शाहपुर चौधरी में भी एक किराना की दुकान पर दाल के पैकेट पर एमआरपी अंकित नहीं पाया गया। जिसके चलते उक्त तीनों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ज्ञान प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि यदि कोई भी दुकानदार से बिना एमआरपी, वजन, पैकिंग तिथि कोई भी पैक्ड वस्तु बेचते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।