दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को निकाला
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सैना में दहेज में नकदी और कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सैना निवासी महिला आयशा ने थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि उसका निकाह 26 अप्रैल 2011 को सैना निवासी रहमत के साथ हुआ था। महिला का कहना है कि शादी में उसके पिता ने लाखों रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल वाले उसके पिता द्वारा दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं हुए। पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति समेत ससुराल वालों ने दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न शुरू कर दिया। इसके चलते वह अपने मायके वापस लौट गई, लेकिन कुछ दिनों बाद प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप के चलते ससुराल पक्ष के लोग उसे वापस ले गए। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन दोबारा ससुरालियों ने कार और पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पति समेत ससुरालपक्ष के लोगों को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एसओ महेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला के पति रहमत, देवर कादिर, सास हासमी, ननद मानो और इसरत, चचिया ससुर छोटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।