बकाया गन्ना भुगतान की मांग पर भाकियू ने दिया धरना
गढ़मुक्तेश्वर। भाकियू ने सिंभावली शुगर मिल द्वारा बकाया गन्ना भुगतान न दिए जाने के विरोध में गन्ना समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जल्द भुगतान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भारतीय किसान यूनियन(हरपाल गुट) के कार्यकर्ताओं की पंचायत बृहस्पतिवार को सिंभावली गन्ना समिति परिसर में आयोजित की गई। पंचायत के बाद किसानों ने गन्ना समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह ने कहा कि सिंभावली शुगर मिल प्रबंधन पर किसानों का गत पेराई सत्र समेत वर्तमान पेराई सत्र का करोड़ो रुपया गन्ना भुगतान बकाया चल रहा है। लेकिन मिल प्रबंधन भुगतान करने के लिए तैयार नहीं है। वहीं स्थानीय प्रशासन भी इस ओर कोई सख्त कदम नहीं उठा रहा है। भुगतान न मिलने से किसानों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया गया, तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगी। कहा कि प्रत्येक माह मासिक पंचायत का आयोजन किया जाएगा। मौके पर मास्टर नरेंद्र सिंह, वेदपाल सिंह, महेंद्र सिंह, कपिल सिरोही, जयकरण सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।